अल्मोड़ा। विहान सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था अल्मोड़ा के तत्वाधान में मातृशक्ति सम्मान 2025 का आयोजन टेरिस थिएटर धारानौला में किया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी निशु बहुगुणा और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही वंशिका वोहरा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर मुख्य अतिथि भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट और विशिष्ट अतिथि अर्जुन बिष्ट एवं संजय जोशी ने किया। लोक गायक कल्याण बोरा द्वारा प्रस्तुत लोकगीत ‘पहाड़ की चेली’ ने कार्यक्रम की शुरुआत की। राष्ट्रीय स्तर पर अल्मोड़ा का नाम रोशन करने वाली निशु बहुगुणा ने एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज और एसएस जीना कैंपस, अल्मोड़ा से शिक्षा प्राप्त की। नेटबॉल में रुचि के चलते उन्होंने कठिन परिस्थितियों में 38वीं राष्ट्रीय नेटबॉल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता। इस उपलब्धि के लिए उन्हें ‘मातृशक्ति सम्मान 2025’ से नवाजा गया। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वंशिका वोहरा को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने कूर्मांचल अकादमी, लेडी श्रीराम कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय और अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय से शिक्षा ली। वर्तमान में वे ‘द लर्निंग सर्कल स्कूल’ चला रही हैं, जो समग्र और अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देता है। मुख्य अतिथि विनीत बिष्ट ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विहान संस्था के निदेशक देवेंद्र भट्ट ने किया।