मैचोड़ गांव में दीवार का मलबा ढहने से मजदूर की मौत, दो घायल

Share This

अल्मोड़ा। हवालबाग विकासखंड के मैचोड़ गांव में मंगलवार अपराह्न को दीवार निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गांव में दीवार बनाने के कार्य में लगे मजदूर अचानक धंसे मलबे की चपेट में आ गए, जिसमें एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार घर के पीछे दीवार निर्माण का कार्य चल रहा था। इस दौरान पगडंडी के साथ पूरा मलबा अचानक धंस गया और वहां काम कर रहे तीन मजदूर इसके नीचे दब गए। जबकि कुछ दूरी पर मौजूद तीन अन्य मजदूर सुरक्षित रहे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। जिला प्रशासन से एसडीएम संजय कुमार और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। रेस्क्यू टीमों ने मलबा हटाकर कृष्ण कुमार मेहता (38 वर्ष) पुत्र मोहन सिंह व भावना मेहता (32 वर्ष) पत्नी कृष्ण कुमार मेहता को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि मजदूर आनंद राम (40 वर्ष) पुत्र मोहन राम पूरी तरह मिट्टी में दब चुका था। उसे बाहर निकालने पर मृत घोषित किया गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए बेस अस्पताल अल्मोड़ा में भर्ती कराया गया है।