राज्य में भाजपा ही लाएगी सख्त भू कानून : महेंद्र भट्ट

देहरादून(आरएनएस)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सोमवार को कहा कि राज्य में भाजपा ही सख्त भू कानून लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा ने जनसहयोग से राज्य का निर्माण किया उसी तरह अब राज्य में जनभावना के अनुरूप सख्त भू कानून भी लागू किया जाएगा। मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने कहा कि राज्य में सीमित भू- संपदा को देखते हुए भाजपा सरकार और संगठन भू कानून के मुद्दे पर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान हुए मसूरी गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भू कानून का विषय हमारे लिए राजनीति का नही है। हम भी स्वीकारते हैं कि पर्वतीय पहचान और देवभूमि की पवित्रता को बरकरार रखते हुए देवभूमि का विकास किया जाना जरूरी है। यही वजह है कि स्वत: संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने भू कानून में सुधार के लिए उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया था। कमेटी द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट की विस्तृत कानूनी एवं प्रशासनिक समीक्षा शासन स्तर पर हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निकट भविष्य में जनभावनाओं के अनुरूप सख्त भू कानून हम सबके सामने होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी पक्षों को धैर्य रखने की जरूरत है। उन्होंने इस मामले में कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कहा कि जिन्होंने राज्य में जमीनों के धंधे को उद्योग बना दिया हो और राज्य का विशेष पैकेज वापस ले लिया हो। उन्हें ऐसे मुद्दे पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।