अल्मोड़ा। क्षतिपूरक वृक्षारोपण के लिए भूमि आवंटन प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संयुक्त निरीक्षण में शिथिलता पर नाराजगी जताई और संबंधित विभागों को समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में राजस्व, वन और लोक निर्माण विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में विकास परियोजनाओं और सड़क निर्माण के लिए आवश्यक क्षतिपूरक वृक्षारोपण हेतु भूमि की उपलब्धता और समयबद्ध हस्तांतरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। चिह्नित भूमि का संयुक्त निरीक्षण कर लैंड बैंक तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में प्रस्तावों के निस्तारण में कोई बाधा न आए। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपजिलाधिकारी और वन क्षेत्राधिकारी को संयुक्त रूप से साप्ताहिक आधार पर प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे कार्यों में तेजी लाई जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, रिंकू बिष्ट, याक्षी अरोड़ा और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।