अल्मोड़ा। जनपद में पर्यटन गतिविधियों को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संचालित और प्रस्तावित पर्यटन परियोजनाओं, अवसंरचना विकास, प्रचार-प्रसार रणनीतियों और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने पिछली बैठक के निर्देशों की समीक्षा करते हुए कार्यों की प्रगति जानी और कोसी बैराज क्षेत्र में जल क्रीड़ाओं को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में झांकर सैम मंदिर के पास प्रस्तावित ईकोलॉज हट्स के संचालन को प्राथमिकता पर शुरू करने, भतरोजखान में बने अतिथि गृह को भी शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिए गए। मल्ला महल को हेरिटेज वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण करते हुए उनका उपयोग पर्यटन गतिविधियों में किया जाना चाहिए। मल्ला महल में वेडिंग, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों के लिए प्रति कार्यक्रम 80 हजार रुपये शुल्क निर्धारित करने और इसके संचालन के लिए अनुभवी प्रबंधक नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि यह योजना धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देगी और सभी कार्य गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। जागेश्वर धाम के मास्टर प्लान को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यहां आधारभूत संरचना, यातायात, पार्किंग और स्वच्छता सुविधाओं को मजबूत किया जाना जरूरी है, ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके। बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी, नामित सदस्य, उप निदेशक पर्यटन प्रकाश सिंह खत्री समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कोसी बैराज में जल्द शुरू होंगे वाटर स्पोर्ट्स, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
ByBinsar Times
Apr 28, 2026