रुद्रपुर(आरएनएस)। टाटा मैजिक का बकाया किराया मांगने के विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने पुलभट्टा थाने में एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से केस दर्ज कर सात लोगों को नामजद किया है। अफसर खां पुत्र दुले खां ग्राम शहदौरा ने पुलभट्टा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 सितबंर को वह टाटा मैजिक वाहन लेकर भैंस लेने जा रहा था। आरोप है कि गांव के पास सरताज पुत्र सलीम अहमद ने उसे रोक कर 2400 रुपये मांगे। जबकि उन्हें सरताज के 1200 रुपये देने थे। उन्होंने सरताज को 1200 रुपये देने का भरोसा दिया और वाहन में बैठकर आगे बढ़ गया। इस पर सरताज आग बबूला हो गया और उन्हें आगे जाकर रोक लिया। जैसे ही वह वाहन से उतरा, सरताज, उसके पिता सलीम और उसके भाई शकील अहमद लाठी-डंडों से उसे मारने लगे। इस कारण उसका सिर फट गया। इधर, सरताज ने पुलभट्टा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 12 सितबंर को गांव के स्कूल के पास खड़ा था। तभी वहां अफसर खां आ गया। उन्होंने अफसर से अपने किराये के बकाया 2700 रुपये मांगे। इस पर अफसर व उसके साथ सारुम, निजाम और छोटू ने उसे डंडे से मारना शुरू कर दिया। इस कारण उसका सिर फट गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।