देहरादून(आरएनएस)। पुलिस लाइन में उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के बीच हुई झड़प के लिए कांग्रेस ने पुलिस का जिम्मेदार ठहराया है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखते हुए घटनाक्रम की उच्च अधिकारी से जांच, दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अपने पत्र में माहरा ने कहा कि चार दिसंबर हमेशा की तरह किसी भी आन्दोलन में सामूहिक रूप से हुई गिरफ्तारी के बाद गिरफ्तार लोगों को पुलिस की ओर से पुलिस लाइन ले जाकर सीढ़ियों में बैठाया जाता है। चार दिसम्बर को युवा कांग्रेस के सचिवालय घेराव कार्यक्रम के तहत गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन ले जाया गया। जबकि उन्हें यह नहीं बताया गया कि वहां पर मीडिया कर्मियों का कार्यक्रम है। पत्रकारों को भी इसकी जानकारी नहीं थी कि पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लाई है। इसी गलतफहमी में पत्रकारों को लगा कि हम उनका विरोध करने वहां आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अनभिज्ञता एवं वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की लापरवाही के कारण यह गलतफहमी हुई है। पुलिस को वहां मीडिया कर्मियों का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम होने के चलते गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को किसी अन्य स्थान पर बिठाने की व्यवस्था करनी चाहिए थी, लेकिन पुलिस ने जानबूझकर ऐसा नहीं किया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने घटना की उच्च स्तरीय जांच के साथ दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।