अल्मोड़ा। भारतीय जनसंघ के प्रथम विधायक और उत्तर प्रदेश विधान मंडल दल के उपनेता रहे गोविंद सिंह बिष्ट की 107वीं जयंती पर उनके आवास में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजीव गुरुरानी ने कहा कि गोविंद सिंह बिष्ट ने विपरीत परिस्थितियों में भी जनसंघ की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि आपातकाल से पूर्व हुए चुनाव में उन्होंने जनसंघ का परचम लहराते हुए इतिहास रचा था और उस समय उत्तराखंड तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र से जनसंघ के एकमात्र विधायक बने थे। बाद में उन्हें उत्तर प्रदेश विधान मंडल दल का उपनेता भी बनाया गया। भाजपा नेता धर्मेंद्र बिष्ट ने कहा कि गोविंद सिंह बिष्ट ने आजीवन अविवाहित रहकर समाज सेवा और स्वच्छ राजनीति को अपना उद्देश्य बनाया। उन्होंने अपनी पुश्तैनी भूमि भूमिहीन काश्तकारों को हस्तांतरित की और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न जनआंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभाने के साथ कई बार जेल यात्राएं भी कीं। वक्ताओं ने कहा कि गोविंद सिंह बिष्ट का जीवन सादगी, संघर्ष, सेवा और समर्पण का उदाहरण था। कार्यक्रम में उनके परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर एनपीएस नेगी, पुष्कर नेगी, देवेंद्र नेगी, कृष्णा तिलारा, कमलेश सनवाल, हरीश जीना, इंदर नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जनसंघ के प्रथम विधायक गोविंद सिंह बिष्ट की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम
ByBinsar Times
May 12, 2026