देहरादून(आरएनएस)। उत्तराखंड फिल्मों व गीत संगीत में अभिनेत्री गीता उनियाल नेगी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया गया। उन्हें अंतिम विदाई देने उत्तराखंडी गीत संगीत जगत के कलाकार उनके बंजारावाला स्थित आवास व हरिद्वार खड़खड़ी घाट पर पहुंचे। गीता उनियाल नेगी बीते 4 सालों से कैंसर से पीड़ित थीं। कुछ समय पहले सोशल मीडिया में उन्होंने सफल ऑपरेशन की जानकारी दी थी। दो दिन पहले ही इलाज के बाद वह देहरादून आई थी। मंगलवार देर रात को हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जौलीग्रांट अस्पताल ले गए, जहां उनका देहांत हुआ। गीता के दो छोटे बच्चे हैं। उनके पति विकास उनियाल कोरियोग्राफर हैं। हरिद्वार में उनके अंतिम संस्कार में लोकगायक प्रीतम भरतवाण, बलदेव राणा, संजय कुमोला, पद्म गुसाईं, साहब सिंह सजवाण, पुरूषोत्तम जेठुड़ी, राजेश मालगुड़ी, राजेन्द्र रावत, किशन महिपाल, गजेन्द्र राणा, गंभीर ज्याड़ा मौजूद रहे।