घोलतीर बस दुर्घटना में लापता एक यात्री का शव मिला

रुद्रप्रयाग(आरएनएस)।  ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग में बीती 26 जून को हुई बस दुर्घटना में लापता लोगों की खोजबीन लगातार जारी है। पुलिस द्वारा निरंतर नदी किनारे खोजबीन की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर रेस्क्यू टीमें प्रतिदिन रुद्रप्रयाग से लेकर श्रीनगर तक नदी किनारे खोजबीन कर रही हैं। बुधवार को पुलिस को खोजबीन के दौरान श्रीनगर डैम साइड टिहरी गढ़वाल क्षेत्र में एक शव बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि उक्त शव की पहचान परिजनों ने मयूरी सोनी, निवासी सूरत, गुजरात, उम्र 24 वर्ष के रूप में की गई है। बता दें कि इस हृदय विदारक दुर्घटना में अब तक मृतकों की संख्या 7 हो गई है। जबकि 5 लापता लोगों की पुलिस लगातार खोजबीन कर रही है।