गरुड़ में बारिश से गिरा मकान, नौ लोग घायल

बागेश्वर(आरएनएस)।  बारिश के कारण शनिवार को सलानी गांव में एक मकान भरभराकर गिर गया। उस वक्त परिवार के लोग घर के अंदर ही थे। हादसे में नौ लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ भर्ती किया गया। उपचार के बाद तीन लोगों को छुट्टी दे दी गई। अन्य को भर्ती किया गया। सीओ अजय लाल साह समेत तहसील प्रशासन ने मौका मुआयना किया। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सलानी गांव निवासी केदार राम पुत्र हीम राम का मकान शनिवार की सुबह हुई बारिश के बाद करीब आठ बजे भरभराकर गिर गया। इस हादसे में परिवार का मुखिया 62 वर्षीय केदार राम पुत्र हीम राम, 60 वर्षीय धरमा देवी पत्नी केदार राम, 31 वर्षीय राधा पत्नी चंदन राम, 38 वर्षीय चंदन राम पुत्र केदार राम, 10 वर्षीय आरती पुत्री चंदन राम, डेढ़ वर्षीय साक्षी पुत्री चंदन राम, देवांशी पुत्र चंदन राम, सात वर्षीय निकिता पुत्री चंदन राम तथा 5 वर्षीय ऋषि पुत्र चंदन राम घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस, दमकल विभाग व ग्रामीणों की मदद से सीएचसी बैजनाथ में भर्ती किया गया है। तीन लोगों को छुट्टी दे दी है। अन्य का इलाज चल रहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि हादसे में किसी तरह की जनहानि व पशुहानि नहीं हुई है।