अल्मोड़ा। गांधी आश्रम चनौदा की प्रबंध कारिणी समिति की वार्षिक बैठक अधिवक्ता कृष्ण सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। अप्रैल 2024 से फरवरी 2025 तक के कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी वर्ष में खादी उत्पादों की बिक्री बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में बिक्री भंडारों और उत्पादन केंद्रों के लिए आवश्यक माल तथा उत्पादन हेतु कच्चे माल की उपलब्धता पर विस्तृत चर्चा हुई। संस्था के मंत्री प्रमोद कुमार वर्मा ने उत्पादन, बिक्री और माल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी दी। आश्रम की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए सभी कार्यकारिणी सदस्यों से आगामी वर्ष में कच्चे माल की समुचित व्यवस्था कर उत्पादन और बिक्री बढ़ाने का आग्रह किया गया, ताकि देनदारियों का समाधान हो सके। बैठक का संचालन प्रमोद कुमार वर्मा ने किया। इस दौरान बलवंत सिंह फर्खाण, मोहन चंद्र पंत, विनोद कुमार अवस्थी, पंकज कुमार पंत, घनश्याम चंदोला, शोबन सिंह बिष्ट, मोहन सिंह भाकुनी, कुलदेव सिंह भंडारी, गोविंद सिंह ऐरी, कमल सिंह बघरी, राजेंद्र सिंह राणा और रमेश सिंह नेगी समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।