गैरसैंण में होगा उक्रांद का वार्षिक अधिवेशन

देहरादून(आरएनएस)। उत्तराखंड क्रांति दल का वार्षिक अधिवेशन 15 और 16 सितंबर को भुवनेश्वरी महिला आश्रम गैरसैंण में होगा। बुधवार को केंद्रीय अध्यक्ष पूरण सिंह कठैत ने वार्षिक अधिवेशन का ऐलान करते हुए कहा कि पार्टी को मजबूत किए जाने को नए सिरे से रणनीति बनेगी। धरातल पर जाकर बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाया जाएगा। निकाय, पंचायत चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।  केंद्रीय अध्यक्ष पूरण सिंह कठैत ने कहा कि राज्य के मौजूदा हालात ऐसे हैं, जहां पहाड़ के लोगों की आवाज नहीं सुनी जा रही है। उनके हल हकूकों पर डाका डाला जा रहा है। उन्हें उनके घर में ही कमजोर किया जा रहा है। उनसे उनके जल, जंगल, जमीन का अधिकार छीना जा रहा है। आम लोगों के इन अधिकारों के लिए उक्रांद आवाज बुलंद करेगा। गांव गांव जाकर लोगों में अलख जगाई जाएगी। मूल निवास 1950 और मजबूत भू कानून की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। कहा कि निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियों को मजबूत किया जाएगा। बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने को रणनीति बनेगी। निकाय और पंचायत चुनाव को मजबूती के साथ लड़ा जाएगा। इन चुनावों के जरिए उक्रांद को लोकतंत्र के पहले पायदान से ही मजबूत किया जाएगा। ताकि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव तक पार्टी मजबूत स्थिति में आ सके। दोनों राष्ट्रीय दलों के मजबूत विकल्प के रूप में उक्रांद तैयार होगा।