ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों पर कार्यवाही की मांग

Share This

चम्पावत। सिमल्टा ग्राम प्रधान गिरीश पालीवाल ने जिला अस्पताल में ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों पर कार्यवाही की मांग की है। इस संबध में उन्होंने नोडल अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। बताया कि शनिवार को वह बुखार एवं खांसी से पीड़ित अपनी बच्ची कनिष्का को उपचार के लिए डीएच लेकर आए। लेकिन बाल रोग विशेषज्ञ वहां नहीं थे। इसके बाद उन्हें दूसरे कक्ष में जाने को कहा लेकिन वहां भी ताला लटका हुआ था। प्रधान ने कहा कि चिकित्सकों की लापरवाही से उन्हें बुखार से पीड़ित बच्ची को निजी अस्पताल में ले जाना पड़ा। जहां उसके उपचार में ढाई हजार का खर्चा आया। प्रधान ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई की मांग की है। इधर पीएमएस डॉ़ एचएस ऐरी ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ सीरियस बच्चों का उपचार कर रहे थे। जिस कारण वे बच्ची को नहीं देख पाए।