अल्मोड़ा। डे-केयर संस्था की वर्ष 2026 की पहली साप्ताहिक बैठक शनिवार को पं. गोविन्द बल्लभ पंत राजकीय संग्रहालय के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में संस्था के लिए स्थायी रूप से बैठक स्थल उपलब्ध न होने पर चिंता व्यक्त की गई और जिला प्रशासन तथा नगर निगम से बैठक के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग की गई। बैठक में डॉ. अरुण पंत ने डे-केयर संस्था के इतिहास और उसके कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्था लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर कार्य करती आ रही है, इसलिए प्रशासन को इसके लिए बैठक स्थल उपलब्ध कराना चाहिए। बैठक में नगर की विभिन्न समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने कहा कि शहर में बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है और इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने नगर निगम और प्रशासन से मिलकर इस समस्या का समाधान करने की मांग की। इसके अलावा गर्मी के मौसम को देखते हुए जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तैयार रहने की आवश्यकता बताई गई। शहर की सफाई व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में आनंद सिंह बगड़वाल, डॉ. गोकुल सिंह रावत, गिरीश जोशी, चंद्रमणि भट्ट, पुष्पा कैड़ा, विपिन चंद्र जोशी, देवेंद्र अग्निहोत्री, मदन सिंह मेर, डॉ. जेसी दुर्गापाल आदि सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों ने अपने विचार रखे। बैठक की अध्यक्षता हेमचंद जोशी ने की, जबकि संचालन एमसी कांडपाल ने किया।