साइबर ठगी के शिकार लोगों को धन वापस दिलाया

पिथौरागढ़(आरएनएस)।  सीमांत में साइबर ठगी के शिकार दस लोगों को पुलिस ने बड़ी राहत पहुंचाई है। गुरुवार को पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीते दो माह के भीतर धन वापस लौटाने के नाम पर अनजान कॉल करके, गूगल पे, एनी डैस्क, पुलिस अधिकारी बनकर व अन्य विभिन्न तरीकों से अराजक तत्वों ने लोगों से ठगी की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि दस लोगों से करीब छह लाख पांच हजार रुपये की धोखाधड़ी होना सामने आया। प्रभारी साईबर सैल मनोज पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने उक्त लोगों के खातों में धनराशि वापस करा दी है। धनराशि वापस मिलने से लोग खुश हैं, उन्होंने पुलिस का आभार जताया है। टीम में एसआई पंकज तिवारी, हेड कांस्टेबल हेम चन्द्र सिंह, अशोक कुमार, कांस्टेबल विपिन ओली, मनोज कुमार, आनन्द राणा आदि मौजूद रहे।