विकासनगर। कांग्रेस सेवादल ने भाजपा सरकार पर अपनी नाकामी छुपाने के लिए ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया है। सेवादल की ओर से कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के वीडियो को काट-छांट कर वायरल कर रही है, जिससे की सरकार की नाकामी छिपाई जा सके।
मीडया से रूबरू होते हुए सेवादल प्रवक्ता भास्कर चुग ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के विरुद्ध भाजपा द्वारा एक वीडियो वायरल करके चलाए जा रहे अभियान की कड़ी निंदा की। आरोप लगाते हुए कहा कि पहाड़ के मूल मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पूरे भाषण का एक छोटा सा हिस्सा संदर्भ से काटकर भाजपा वायरल कर रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी आरोप लगाने से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पूरा भाषण सुनें। स्वाभिमान यात्रा के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने जिस तरह से भाजपा की सरकार को कठघरे में खड़ा किया है, उससे सरकार असहज होकर बौखला गई है। कहा कि हैरत की बात है कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी, पिंकी, केदार भंडारी समेत महिला पहलवानों और मणिपुर में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार पर सोया रहा। भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ने के लिए कभी भी आगे नहीं आया, लेकिन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के मुद्दे पर तुरंत जाग गया। यह भाजपा के दोहरे चरित्र को दर्शाता है।
नाकामी छुपाने को ओछी राजनीति कर रही भाजपा: कांग्रेस सेवादल
