देहरादून(आरएनएस)। निकायों में पार्टी के खिलाफ बगावत करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। 16 नेताओं को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। विधायक पिथौरागढ़ मयूख महर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने केंद्रीय नेतृत्व को पत्र लिख दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया सलाहकार अमरजीत सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के हवाले से अभी तक हुई कार्रवाई की जानकारी दी। बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई को केन्द्रीय नेतृत्व से आग्रह किया। इसके साथ ही युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेन्द्र महर को पार्टी विरोधी गतिविधियों में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने की भी युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को संस्तुति की गई। माहरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक अनुशासित संगठन है। इसमें किसी भी तरह की अनुशासनहीनता को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी पार्टी अनुशासन की लाईन पार करेगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत चुनाव में पार्टी के खिलाफ प्रचार करने वालों के खिलाफ इसी क्रम में कार्रवाई की गई।
इन्हें किया गया पार्टी से बाहर
कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ बागी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने वाले कांग्रेसियों और पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पार्टी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिला, महानगर कांग्रेस कमेटी की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की गई है। रुड़की में मेयर पद के खिलाफ अपनी पत्नी को बागी के रूप में चुनाव लड़ा रहे पूर्व मेयर यशपाल राणा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। रूद्रप्रयाग से बागी संतोष रावत, उखीमठ से कुब्जा धर्मवाण, नगर पालिका बागेश्वर से कवि जोशी, कोटद्वार में कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष महेन्द्र पाल सिंह रावत, ऋषिकेश में दिनेश चन्द मास्टर, महेन्द्र सिंह, चमोली गौचर से सुनील पंवार, कर्णप्रयाग से गजपाल लाल सैनी, अनिल कुमार, अनीता देवी, गैरसैंण से पुष्कर सिंह रावत, पीपलकोटी से आरती नवानी, टिहरी नगर पालिका चम्बा से प्रीति पंवार, घनसाली से विनोद लाल शाह, नगर पालिका टिहरी से भगत सिह नेगी को छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया गया है।