देहरादून। उत्तराखंड में लचर कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। इस मौके पर बीजेपी सरकार के पुतले फूंके गए। राजधानी देहरादून में महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। राजपुर रोड स्थित ऐश्लेहाल चौक पर ये प्रदर्शन हुआ।
कांग्रेस का कहना है कि राज्य की स्थापना दिवस के दिन नौ नवंबर की सुबह रिलायंस ज्वैलरी में करोड़ों की डकैती पड़ी। इसी दिन राष्ट्रपति भी देहरादून में थी। ऐसे में कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लाजमी हैं। गोगी ने कहा कि राज्य की राजधानी में कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान अवस्थित हैं। वहीं, राष्ट्रपति के दून में मौजूदगी के दिन ऐसी डकैती की घटना स्पष्ट संकेत है कि धामी सरकार न तो कानून व्यवस्था संभाल पा रही है। न ही शासन और प्रशासन पर अंकुश है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि वे राज्य में इन्वेस्टर समिट कराने जा रहे हैं। डकैती की ऐसी घटना से वो निवेशकों को किस तरह का संदेश देंगे। आठ दिन बाद भी पुलिस चोरों को पकड़ना तो दूर, उनके बारे में कुछ पता तक नहीं कर पाई है। विगत महीनों में देहरादून शहर लगातार सरकार की उपेक्षा झेल रहा है।
इस मौके पर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि पहले शहर ने डेंगू की विकराल समस्या झेली। कई लोगों की असामयिक मृत्यु हुई। सरकार केवल डेंगू से हुई जनहानि को छुपाने में लगी रही। उसके बाद रजिस्ट्री घोटाले सामने आए और अब इतनी बड़ी डकैती का मामला सामने आया। ऐसे में सरकारी तन्त्र की प्रभावी मौजूदगी कहीं नहीं दिखती। लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब इस तरह के मामलों पर चुप नहीं बैठेगी। मामले में दोषी जल्द गिरफ्तार न हुए तो बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष पूरण सिंह रावत, प्रदेश महासचिव मनीष नागपाल, अभिषेक तिवारी, प्रमोद गुप्ता, मोहन जोशी, अरुण बालोनी, लकी राणा, राजेश पुंडीर, सुरेंद्र रावत, रहीस अहमद, देवी सिंह नेगी, अरविंद गुरुंग, ललित बद्री, मंजू त्रिपाठी, पूनम कंडारी, सविता, सावित्री थापा, मुकीम अहमद, शाहिद अहमद, शहजाद अंसारी, वीरेंद्र पवार, हेमंत उप्रेती, मोहन थापा, संजय भारती , रिपु दमन, देवेंद्र सिंह, भवन डोरा, एसबी थापा, आलोक मेहता, आदर्श शुद्ध, मोहित भाटिया, रवि हसन, नवीन कुमार, मोहम्मद दानिश, मोहम्मद फेजल, मदन लाल, सुरेश आर्य, सुमित थापा, विनय कुमार, मनीष कुमार, शिवम कुमार, सलमान अहमद, अशोक कुमार आदि प्रदर्शनकारियों में शामिल थे।
