कैबिनेट मंत्री जोशी ने बांटी होनहार छात्रों को छात्रवृत्ति

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने नयागांव में होनहार छात्रों को छात्रवृत्ति वितरित की। इस दौरान उन्होंने नव निर्मित टीन शेड का लोकार्पण भी किया। गोर्खा एक्स सर्विसमैन वेलफेयर एसोसियेशन की ओर से नयागांव में सोमवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया था। एसोसिएशन के भवन में विधायक निधि से 6.06 लाख की लागत से टीन शेड बनाया गया है। इसके लोकार्पण के बाद मंत्री गणेश जोशी ने अखिल भारतीय गोरखा उज्जवल भविष्य कोष समिति से जुड़े 20 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति भी वितरित की। उन्होंने कहा कि विकास के लिए मोदी सरकार और धामी सरकार लगातार कार्य कर रही हैं। गोर्खाली सुधार सभा के पुर्ननिर्माण के लिए 1.47 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी गयी है। तीज कार्यक्रम के लिए 1.50 लाख की धनराशि प्रदान की जा चुकी है। मौके पर मंडल अध्यक्ष ज्योति कोटिया, बिग्रेडियर पीएस गुरुंग, कर्नल बीएस खत्री, टीडी भूटिया, कैप्टन दिनेश प्रधान, कर्नल आरएस क्षेत्री, एके मुखिया, कर्नल बीएस खत्री, कर्नल डीके प्रधान, प्रभा शाह, सुनील कोटिया आदि मौजूद थे।

सैन्यधाम में टिफिन बैठक का आयोजन
भाजपा महा-जनसंपर्क अभियान के विकास तीर्थ कार्यक्रम के तहत गुनियालगांव स्थित सैन्यधाम निर्माण स्थल में टिफिन बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी मंडल के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सरकार की योजनाओं पर चर्चा करते हुए भोजन किया। जोशी ने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित मोदी सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के पर भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें। मौके पर दीपक पुंडीर, सुंदर सिंह कोठाल, संध्या थापा, किरण, लीला शर्मा, मीनाक्षी थापली, अनुराग सिंह, महेंद्र पुंडीर आदि मौजूद थे।