पंचायत चुनाव की तैयारी में भाजपा का ‘बस्ती व गांव चलो’ अभियान शुरू

देहरादून (आरएनएस)। उत्तराखंड में प्रस्तावित पंचायत चुनावों को देखते हुए भाजपा ने ‘बस्ती व गांव चलो’ अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान के तहत पार्टी पदाधिकारी गांवों और बस्तियों में जाकर 8 से 10 घंटे तक जनसंपर्क करेंगे और स्थानीय स्तर पर पांच प्रमुख कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

हालांकि यह अभियान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर देशभर में शुरू किया गया है, लेकिन उत्तराखंड भाजपा ने इसे पंचायत चुनावों के मद्देनज़र विशेष रूप से विस्तार दिया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी जिलों और मंडलों के पदाधिकारियों को घर-घर पहुंचने और जनसंपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

जनसहभागिता के साथ स्वच्छता और जागरूकता अभियान

इस अभियान के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ता सरकारी व सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम और यात्राएं निकाल रहे हैं। पार्टी का उद्देश्य राज्य की सभी पंचायतों तक पहुंच बनाना और अंत्योदय परिवारों को विकास की मुख्यधारा में लाना है।

अभियान संयोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार ने बताया कि मंडल से लेकर राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी, ग्राम प्रधान, सरपंच और यहां तक कि केंद्रीय मंत्री तक इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

डोईवाला में प्रदेश अध्यक्ष ने की भागीदारी

तीन दिवसीय इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने डोईवाला क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय माधोवाला, बूथ संख्या 150 और आंगनबाड़ी केंद्र सत्तीवाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से चर्चा भी की।

उनके साथ जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, नगर पालिका अध्यक्ष डोईवाला नरेंद्र सिंह नेगी, जिला संयोजक प्रतीक कालिया, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा और पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगीना रानी समेत कई अन्य नेता भी मौजूद रहे।

ये होंगे पांच अनिवार्य कार्यक्रम

अभियान के संयोजक कुलदीप कुमार ने बताया कि सभी प्रवास स्थलों पर निम्नलिखित पांच कार्यक्रम अनिवार्य रूप से किए जा रहे हैं:

  1. स्वच्छता अभियान – मंदिर, अस्पताल, स्कूल या अन्य किसी सार्वजनिक स्थान पर।
  2. सरकारी संस्थाओं का दौरा – आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल, पशु चिकित्सालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आदि।
  3. जनसंपर्क – बूथ कार्यकर्ताओं के घर भोजन, सभी समुदायों के नेताओं से संवाद।
  4. सम्मान समारोह – आपातकाल में गिरफ्तार हुए व्यक्तियों और कारसेवकों का सम्मान।
  5. बूथ बैठक एवं यात्रा – बूथ समिति की बैठक के बाद गांव और बस्ती की गलियों में जनयात्रा।

भाजपा का यह अभियान पंचायत स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।