भाजपा, कांग्रेस, सपा के प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन पत्र

रुद्रपुर।  नगर निगम मेयर का चुनाव धीरे-धीरे रंग में आने लगा है। सोमवार को भाजपा प्रत्याशी विकास शर्मा, कांग्रेस प्रत्याशी मोहन खेड़ा, सपा से इमरान अंसारी, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, संजय ठुकराल, नूर अहमद ने सादगी के साथ नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। वहीं कलेक्ट्रेट में लालपुर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी निशा गोस्वामी ने रिटनिंग आफीसर के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। विगत 27 दिसंबर से नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया चल रही है। रुद्रपुर नगर निगम मेयर पद के लिए 18 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। चार दिन से नामांकन पत्रों की बिक्री की जा रही। पार्षद पद के लिए 308 नामांकन पत्र बिके हैं। कलेक्ट्रेट में लालपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया हैं। जबकि अध्यक्ष पद के लिए 17 और सभासद के लिए 54 दावेदारों ने फार्म खरीदे हैं। नामांकन प्रक्रिया का आज आखिरी दिन होने के कारण कलेक्ट्रेट में दावेदारों व प्रत्याशियों की भीड़ रही। सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के लिए कलेक्ट्रेट में काफी पुलिस फोर्स तैनात की गई हैं।