अल्मोड़ा। नगर पालिका ने एक बार फिर नगर क्षेत्र में आंतक का पर्याय बन चुके कटखने बंदरों को पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के पहले दिन 6 बंदरों को पकड़ लिया है। जिनका अब बध्याकरण किया जाएगा। दरअसल इन दिनों लगातार नगर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में कटखने बंदरों का आंतक बढ़ता जा रहा है। कटखने बंदर घरों में घूस कर भी लोगों को काट कर घायल कर रहे है। जिससे लोगों में भय का माहौल बना है। लोग बच्चों को अकेला बाहर भेजने में भी डर रहे है। कटखने बंदरों के झुंड लोगों को काटने के साथ ही उनके खेती बाड़ी को भी चौपट कर दे रहे है। कई बार लोग व जनसंगठन पालिका व प्रशासन से बंदरों के आंतक से निजात दिलाने की मांग कर चुके है। अब इसी को देखते हुए कटखने बंदरों के आंतक से निजात दिलाने के लिए पालिका ने एक बार फिर बंदरों को पकडऩे का अभियान शुरू कर दिया है। हालाकि पहले दिन केवल 6 बंदर पकड़ में आए। जिसमें चार बंदर दुगालखोला व दो बंदर पुलिस लाइन से पकड़े गए। पालिका ने पहले दिन बंदरों को पकडऩे के लिए पांडेखोला, लक्ष्मेश्वर, एनटीडी, दुगालखोला व पुलिस लाइन में पिजड़ा लगाया। यहां पालिका से रूप सिंह, हर सिंह, हरीश चंद्र, ललित मौजूद रहे।