बागेश्वर में फिर गहराया पानी का संकट

Share This

बागेश्वर(आरएनएस)। जिले में गर्मी चरम पर है। नगर में पानी का संकट बना हुआ है। चौरासी, कठायतबाड़ा, मजियाखेत, मंडलसेरा, आदर्श कालौनी के लोग परेशान हैं। वह प्राकृतिक स्रोतों का रुख कर रहे हैं। बावजूद भरपूर पानी नहीं मिल पा रहा है। जिससे नागरिकों में आक्रोश है। उन्होंने शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। नगर में पेयजल किल्लत अब एक बडी समस्या का रूप लेती जा रही है। हर साल गर्मी के मौसम में जिले के कई क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था एक समस्या बन जाती है। नगर में सरयू पंपिंग योजना, आईवेल के अलावा जखेड़ा पेयजल योजना से आपूर्ति होती है। गर्मी बढ़ने से जलस्रोतों में पानी की गिरावट आने लगी है। जिसके कारण पेयजल संकट बढ़ता जा रहा है। वहीं शहर के अलावा मन्यूड़ा, बोहाला क्षेत्र में भी पानी की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। स्थानीय मोहन चंद्र कांडपाल, मनोज कुमार, सुंदर सिंह, बीना देवी, मंगला देवी आदि ने शीघ्र पानी की आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इधर, जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता सीएस देवड़ी ने कहा कि जहां पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां टैंकर से भेजा जा रहा है।