एटीएम कार्ड बदल एक लाख 45 हजार साफ

Share This

ऋषिकेश(आरएनएस)। मियांवाला में एक पीएनबी एटीएम से रकम निकालने के दौरान एक महिला को कार्ड अज्ञात शख्स ने बदल लिया। बैंक खाते से एक लाख 45 हजार रूपये की रकम कटने का मैसेज आया, तो इसका पता चला। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक, राखी सकलानी निवासी श्रीदेव सुमन कॉलोनी, बालावाला, देहरादून ने बताया कि यह घटना 24 जून की है। वह दस हजार रूपये निकालने के लिए मियांवाला में पीएनबी के एटीएम पर पहुंची थी। कार्ड मशीन में डालने के बाद रकम कटी, लेकिन निकली नहीं।कुछ देर में ही नकदी वापसी का मैसेज आया। आरोप है कि इसीबीच एक 50 से 55 साल का व्यक्ति एटीएम बूथ में दाखिल हुआ। मदद करने का झांसा देकर उसने कार्ड बदल दिया। 25 जून को खाते से एक लाख 45 हजार रूपये कटने का मैसेज आया, जिसके बाद कार्ड बदलने का पता चला। कोतवाल राकेश गुसाईं ने बताया कि अज्ञात की पहचान को प्रयास तेज कर दिए हैं।