अतिक्रमण चिह्नीकरण से भड़के लोग, कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

रुद्रपुर(आरएनएस)। नगर निगम के कल्याणी व बैगुल नदी के किनारे अवैध मकान बनाकर बसे लोगों को नोटिस जारी कर ध्वस्तीकरण के आदेश से हड़कंप मचा हुआ है। मकान ध्वस्तीकरण का नोटिस दिए जाने के विरोध में लोगों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपकर ध्वस्तीकरण के नोटिस वापस लेने की मांग की। दो दिन से कल्याणी और बैगुल नदी के किनारे अतिक्रमण चिह्नित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने नगर निगम को कल्याणी व बैगुल नदी के किनारे अवैध मकान बनाकर बसे लोगों को नोटिस जारी कर ध्वस्तीकरण के आदेश दिए हैं। इससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। ध्वस्तीकरण का नोटिस दिए जाने के विरोध में लोगों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि वह वार्ड नंबर 17, 18 एवं 19 के रहने वाले हैं। उनकी कॉलोनी के पास से एक नाला निकलता है, जिसमें सभी घरों का पानी जाता है। इसमें कॉलोनी के लोगों को कोई आपत्ति नहीं है। अब यहां नगर निगम की ओर से नोटिस प्राप्त हुए हैं। इसमें नाले के मध्य से दोनों ओर 20-20 मीटर तक के मकानों को ध्वस्त किए जाने की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि उनके पास रहने के लिए कहीं अन्य जगह नहीं है। यदि उन्हें यहां से उजाड़ा जाता है तो उजाड़ने से पहले उन्हें अन्य किसी स्थान पर बसाया जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोग अपने परिवार के साथ रह सकें। उन्होंने जिला प्रशासन से ध्वस्तीकरण के नोटिस वापस लेने की मांग की है। इस दौरान पुष्पा देवी, इन्दु, आशा, कृतिका, आरती, रेनु शर्मा, चंद्रवती, गीता, मंजू देवी, प्रेमवती, राम प्रकाश, धर्मेंद्र, मनोज, अमन, सरजन, रमेश आदि मौजूद रहे।