विकासनगर(आरएनएस)। विकासनगर-त्यूणी मार्ग पर गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। चकराता के लोखंडी में घूमने आए यमुनानगर हरियाणा निवासी पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर सड़क से बीस मीटर नीचे खाई में लुढ़क गई और एक पेड़ पर फंस गई। इससे कार सवार आठ लोग सुरक्षित बच गए। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी चकराता पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष चकराता चंद्रशेखर नौटियाल ने बताया कि गुरुवार रात को लगभग साढ़े दस बजे स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि विकासनगर-त्यूणी मार्ग पर होटल स्नो व्यू के लिंग मार्ग पर एक कार गिर गई है और पेड़ों के बीच फंसी हुई है। सूचना पर पुलिस बल और एसडीआरएफ को साथ लेकर वह मौके पर पहुंचे। वहां सड़क से करीब बीस मीटर नीचे एक हरियाणा नंबर की आल्टो कार पेड़ों के बीच फंसी हुई थी। इसमें आठ लोग सवार थे। इनमें चार बच्चे और चार बड़े थे। इसके बाद एसडीआरएफ ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी चकराता ले गए। हादसे में सभी आठ लोग घायल हैं। घायलों की पहचान 29 वर्षीय रजत पुत्र देवेन्द्र, 26 वर्षीय हिना पत्नी अंकित, 7 वर्षीय माधव पुत्र अंकित, कशिश पुत्री अंकित, 12 वर्षीय सिमरन पुत्री अंकित, 33 वर्षीय अंकित, 23 वर्षीय निशा पत्नी रजत और काव्या पुत्री रजत निवासी ग्राम कैंप यमुनानगर हरियाणा के रूप में हुई। घायलों ने बताया कि वह यमुनानगर हरियाणा से चकराता के लोखंडी में घूमने आए थे। घूमने के बाद वापस हरियाणा जाते समय उनकी गाड़ी चकराता के समीप अनियित्रत होकर मेन रोड विकासनगर-त्यूणी रोड से नीचे खाई की तरफ गिर गई और पेडों में फंस गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायलों को प्राथमिकी उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।