अल्मोड़ा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा की सचिव शचि शर्मा के निर्देश पर चल रहे दो दिवसीय जागरूकता अभियान ‘गुरु शक्ति–न्याय शक्ति: ज्ञान से न्याय की ओर’ के अंतर्गत रविवार को जिले के विभिन्न गांवों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। अधिकार मित्र प्रकाश राम, नीमा कोहली, भावना तिवारी, नीमा बिनवाल, रंजीता, शोभा लोहनी, अनीता आर्या, बीना देवी, विजय टम्टा और दीपा चौधरी की टीम ने ग्राम नौसार, फाराखोली, बधाण, दुनाड़, कार्चूली, बरतोला और खरजों में जाकर लोगों को उनके मौलिक अधिकार और कर्तव्यों के साथ-साथ बाल अधिकार एवं संरक्षण, महिला सुरक्षा कानून, पर्यावरण संरक्षण, साइबर सुरक्षा और नशा उन्मूलन जैसे विषयों पर जानकारी दी। शिविरों में विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम के अंतर्गत निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। उपस्थित ग्रामीणों से संवाद करते हुए यह बताया गया कि बच्चों को जिम्मेदार और सशक्त नागरिक बनाने में अध्यापकों की भूमिका बेहद अहम है। इस दौरान आगामी 13 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी लोगों को अवगत कराया गया और अभियान से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए।