0 1 week

अल्मोड़ा। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय अल्मोड़ा में जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने आत्महत्या की रोकथाम के प्रति संवेदनशील रहने तथा मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों को समय पर सहयोग और उचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश पंत ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। यदि किसी व्यक्ति में निराशा, तनाव या भावनात्मक परेशानी के संकेत दिखाई दें तो उसकी बात गंभीरता से सुनना और समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आत्महत्या की रोकथाम के लिए परिवार, समाज और स्वास्थ्य विभाग को समन्वित प्रयास करने होंगे।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने, आत्महत्या से जुड़े सामाजिक कलंक को कम करने तथा जरूरतमंद लोगों तक परामर्श और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।