सोलानी पुल और कलियर मार्ग की बदहाली पर कांग्रेस का धरना

Share This

रुड़की(आरएनएस)। सोलानी नदी के पुराने कलियर मार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क पर बने गहरे गड्ढों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की ने सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोलानी नदी पुल के पास धरना देकर प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने मार्ग को जल्द गड्ढामुक्त कराने और स्थायी मरम्मत की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पुराने कलियर मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। कहा कि पिछले सप्ताह जिलाधिकारी ने गड्ढे भरने और सड़क की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रशासन को आश्वासन के बजाय धरातल पर काम करना चाहिए। कलियर विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर अधिकारियों को पहले भी अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द मरम्मत शुरू नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक किया जाएगा। पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि यह मार्ग लंबे समय से महत्वपूर्ण आवागमन का रास्ता है। धरने में मुनफैत अली, मदनपाल सिंह भड़ाना, रिजवान अहमद, संजय गुड्डू, पार्षद ताहिर चौधरी, अब्दुल समद, मोहसिन अल्वी, नीरज सैनी, वीरेंद्र कुमार शर्मा, सुनील शर्मा, गौरव प्रधान, इसरार प्रधान, धर्मपाल जाटव, अजीम मलिक, तुषार गोयल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।