अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन में जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध, नशा तस्करी, सड़क सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “अपराधी बचेंगे नहीं और पीड़ित भटकेंगे नहीं”, इसलिए प्रत्येक मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में मानसून के मद्देनजर सभी थाना प्रभारियों को आपदा प्रबंधन उपकरण पूरी तरह सक्रिय रखने, पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध रखने तथा वालंटियरों को राहत एवं बचाव कार्यों का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को भी कहा गया। एसएसपी ने थाना प्रभारियों और एसओजी को स्मैक, गांजा समेत अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी प्रहार करने, शराब तस्करों और जुआ संचालकों के खिलाफ अभियान तेज करने तथा आदतन अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट सहित कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं, शिकायतों, वारंटों और समन की समयबद्ध कार्रवाई पर भी जोर दिया गया। साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को साइबर सेल के साथ समन्वय बढ़ाने, म्यूल बैंक खातों, संदिग्ध मोबाइल नंबरों और सिम कार्डों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाने तथा आमजन को साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर ई-डीएआर प्रणाली का प्रशिक्षण भी दिया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, बिना बीमा वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा परिवहन विभाग के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को जनता के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत दी। गोष्ठी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। कोतवाली रानीखेत के उपनिरीक्षक विनोद फर्त्याल और कांस्टेबल कमल गोस्वामी को ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ चुना गया। इसके अलावा उत्कृष्ट पुलिसिंग और सराहनीय कार्यों के लिए 21 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि पुलिस कुश्ती एवं बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का भी सम्मान किया गया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह सहित जनपद के सभी पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
