छात्र आंदोलन पर संसद में बहस कराए सरकार, तभी माने जाएंगे सही: खरगे

Share This

हल्द्वानी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस की जनसभा में उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार सही है तो छात्रों के आंदोलन के मुद्दे पर संसद में बहस कराए और छात्रों की बात सुने।

खरगे ने आरोप लगाया कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जबकि आंदोलन करने वाले छात्रों के साथ दमनात्मक रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार विपक्ष से नहीं, बल्कि छात्रों के सवालों का जवाब दे।

उन्होंने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 2014 में हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन आज लाखों सरकारी पद रिक्त पड़े हैं। कांग्रेस सत्ता में आने पर योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियों की व्यवस्था को मजबूत करेगी।

खरगे ने अल्मोड़ा के युवा नवाचारी रवि टम्टा का उल्लेख करते हुए उनकी उड़ने वाले वाहन की उपलब्धि की सराहना की। साथ ही भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि जिन नेताओं पर आरोप लगते हैं, उन्हें बाद में भाजपा में शामिल कर लिया जाता है।

उन्होंने उत्तराखंड सरकार पर भी विकास और बुनियादी सुविधाओं के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया तथा दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

जनसभा से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना देकर पुलिस पर सभा में आने वाले कार्यकर्ताओं के वाहनों को रोकने का आरोप लगाया। धरने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे।