स्मार्ट पीडीएस पोर्टल से होगी राशन वितरण की पारदर्शी निगरानी

Share This

नैनीताल(आरएनएस)। खाद्य वितरण व्यवस्था पारदर्शी और जवाबदेह बनाने को राज्य सरकार ने यूआरसीएमएस स्मार्ट पीडीएस पोर्टल शुरू किया है। इसके जरिए अब राशन वितरण से लेकर स्टॉक और शिकायतों तक की हर जानकारी ऑनलाइन देखी जा सकेगी।मंगलवार को क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने पोर्टल की जानकारी साझा की। कहा कि पोर्टल से रियल टाइम निगरानी गोदाम से राशन दुकान तक हर हलचल की ऑनलाइन ट्रैकिंग होगी। लाभार्थी अपने मोबाइल से ही राशन कार्ड, आवंटन और वितरण की स्थिति देख सकेंगे। पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाएगा। दुकानों पर गेहूं, चावल, चीनी और अन्य सामग्री का स्टॉक रोजाना अपडेट होगा।बिष्ट ने कहा कि पहले मैनुअल रिकॉर्ड और देरी के कारण कई बार गड़बड़ी की शिकायतें आती थीं। अब यूआरसीएमएस के माध्यम से पूरा डेटा डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगा। इससे न सिर्फ भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी, बल्कि पात्र लोगों को समय पर राशन भी मिलेगा। उन्होंने सभी राशन विक्रेताओं को पोर्टल पर नियमित एंट्री करने और लाभार्थियों को पोर्टल के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले की सभी उचित दर की दुकानों को पोर्टल से जोड़ा जाएगा और अधिकारियों की ओर से नियमित निरीक्षण भी किया जाएगा।