दो कांवड़ियों की मौत में एनएचएआई पर लापरवाही का आरोप, केस दर्ज

Share This

हरिद्वार(आरएनएस)। बहादराबाद क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवर से गार्डर गिरने के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों कांवड़ियों के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एनएचएआई के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मटरू पुत्र अजब सिंह निवासी मोदीनगर और महेश पुत्र रामपाल निवासी मुरादनगर ने शिकायत पत्र देकर बताया कि कृष्ण 18 वर्ष पुत्र मटरू और अक्षित उर्फ तनुज 21 वर्ष पुत्र महेश हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की तरफ जा रहे थे। शनिवार को दोनों कांवड़िए बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास फ्लाईओवर के नीचे आराम करने के लिए रुके।आरोप है कि इसी दौरान निर्माणाधीन हाईवे फ्लाईओवर पर रखे लोहे के भारी गार्डर अचानक दोनों के ऊपर गिर पड़े। गार्डर गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शिकायत पत्र में आरोप है कि हादसा एनएचएआई की घोर लापरवाही का परिणाम है। कांवड़ यात्रा के दौरान निर्माणाधीन हाईवे फ्लाईओवर पर लोहे के भारी गार्डर बीच रास्ते में असुरक्षित तरीके से रखे गए। जिस कारण दोनों कांवड़ियों के साथ हादसा हुआ। शिकायत पत्र में परिजनों ने एनएचएआई के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे।उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।