सैलानियों से गुलजार हुआ चकराता, पर्यटन कारोबार में आई रौनक

Share This

विकासनगर(आरएनएस)। वीकेंड पर रविवार को सैलानियों से चकराता पूरी तरह से गुलजार रहा। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए सुबह से ही चकराता क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी थी, जिससे पूरे क्षेत्र में चहल-पहल का माहौल बना रहा।प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टाइगर फॉल, देववन, लोखंडी, मोइला टॉप, चुरानी और चिरमिरी टॉप समेत क्षेत्र के लगभग सभी पर्यटन स्थलों पर दिनभर सैलानियों की भीड़ देखने को मिली। सबसे अधिक रौनक टाइगर फॉल में देखने को मिली, जहां दूर-दराज से पहुंचे पर्यटक झरने के नीचे गिरते बर्फ जैसे ठंडे पानी का आनंद लेते नजर आए। युवा पर्यटक जहां झरने के नीचे मस्ती करते दिखाई दिए, वहीं परिवारों ने प्राकृतिक सुंदरता के बीच यादगार पल बिताए।मोइला टॉप के सुंदर बुग्यालों में भी पर्यटकों ने प्रकृति के मनोरम दृश्यों का भरपूर आनंद लिया। हरे-भरे घास के मैदानों और ठंडी हवाओं के बीच सैलानी फोटो और वीडियो बनाते नजर आए। वहीं देववन के घने शंकुधारी देवदार के जंगलों में पर्यटक प्रकृति की शांति और ठंडक का आनंद लेते दिखाई दिए। शाम के समय बड़ी संख्या में पर्यटक चिरमिरी टॉप पहुंचे, जहां उन्होंने खूबसूरत सूर्यास्त के अद्भुत नजारों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। सैलानियों ने इन यादगार पलों को सोशल मीडिया के माध्यम से अपने मित्रों और रिश्तेदारों के साथ साझा किया। पर्यटकों की बढ़ती आमद से स्थानीय कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और छोटे व्यापार से जुड़े लोगों को सप्ताहांत में अच्छा खासा लाभ मिला। होटल व्यवसाय से जुड़े दिगंबर चौहान, अमित जोशी, विवेक अग्रवाल, पीयूष जोशी, राहुल चांदना, मुकेश तोमर, अंकित तोमर और सक्षम जोशी ने बताया कि मैदानी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे स्थानीय पर्यटन कारोबार को नई ऊर्जा मिली है।