क्षेत्र पंचायत सचिव पद पर वर्तमान व्यवस्था बनाए रखने की मांग

Share This

अल्मोड़ा। ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन की जनपद शाखा अल्मोड़ा ने क्षेत्र पंचायत सचिव पद से संबंधित चर्चाओं पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। एसोसिएशन ने क्षेत्र पंचायत सचिव का दायित्व खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के स्थान पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को दिए जाने की संभावित व्यवस्था का विरोध किया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में खंड विकास अधिकारी क्षेत्र पंचायतों के सचिव के रूप में कार्य कर रहे हैं और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय तथा क्षेत्र पंचायत की बैठकों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सचिव पद की जिम्मेदारी में परिवर्तन से प्रशासनिक समन्वय और कार्यकुशलता प्रभावित होने की आशंका है।

एसोसिएशन का कहना है कि क्षेत्र पंचायत त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था की महत्वपूर्ण इकाई है, जिसके सुचारु संचालन के लिए अनुभवी और सक्षम अधिकारी का सचिव पद पर बने रहना आवश्यक है। वर्तमान व्यवस्था लंबे समय से प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है और इससे विकास कार्यों को गति मिलती रही है।

ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से वर्तमान व्यवस्था को यथावत बनाए रखने तथा संभावित बदलाव संबंधी चर्चाओं पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि सरकार पंचायती राज संस्थाओं के हित और प्रशासनिक दक्षता को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेगी।