अल्मोड़ा। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 रविवार को जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान अल्मोड़ा पुलिस हाई अलर्ट मोड पर रही और सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह ने ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों को पूर्व में ब्रीफ कर सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए थे। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की डीएफएमडी और एचएचएमडी के माध्यम से सघन जांच की गई। पुलिस ने परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर विशेष निगरानी रखी। एलआईयू और एसओजी की टीमें भी पूरे समय सक्रिय रहीं और परीक्षा को प्रभावित करने वाले तत्वों पर नजर बनाए रखी गई। परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी की गई। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें और अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रही। एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, अल्मोड़ा पुलिस रही हाई अलर्ट पर
ByBinsar Times
May 24, 2026