विकासनगर(आरएनएस)। गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए नि:शुल्क एचपीवी टीकाकरण की सुविधा अब उप जिला अस्पताल के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरबर्टपुर में भी शुरू कर दी गई है। दूरस्थ क्षेत्रों की किशोरियों तक यह सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से दोनों केंद्रों पर अभियान का विस्तार किया गया है। बीते दो मार्च से शुरू हुए अभियान के तहत जागरूकता और जानकारी के अभाव के कारण अभी तक मात्र 40 किशोरियों ने ही टीकाकरण किया है। क्षेत्र में 14 वर्ष की लड़कियों, जिन्होंने अपना 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है, ऐसे सभी बालिकाओं को यह टीका लगाया जा रहा है। इसके लिए डॉक्टर की निगरानी में केवल 30 मिनट बैठना होता है। उप जिला चिकित्सालय के साथ ही पीएचसी हरबर्टपुर और रुद्रपुर में आधार कार्ड के साथ उपस्थित होकर अपना नि:शुल्क पंजीयन करा सकते हैं। पीएचसी रुद्रपुर में अभियान की शुरुआत होने से बिन्हार क्षेत्र के साथ ही कंडी क्षेत्र और लांघा के आसपास के करीब 40 गांवो की किशोरियों को इसका लाभ मिलेगा। जबकि पीएचसी हरबर्टपुर में ढालीपुर, ढकरानी, कुंजा, कुंजाग्रांट, कुल्हाल, धर्मावाला, प्रतीतपुर, जस्सोवाला, जमनीपुर, बैरागीवाला क्षेत्र की किशोरियां आसानी से टीकाकरण करा सकती हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप चौहान ने पछुवादून के सभी अभिभावकों समेत 14 से 15 वर्ष से कम आयुवर्ग के बालिकाओं से अपील करते हुए कहा कि एचपीवी टीका पूर्णत: सुरक्षित एवं नि:शुल्क है। यह टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जिन घरों में इस आयु वर्ग की बालिकाएं हैं वो स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अवश्य टीकाकरण कराएं।
पीएचसी रुद्रपुर और हरबर्टपुर में शुरू हुई निशुल्क एचपीवी टीकाकरण की सुविधा
ByBinsar Times
May 5, 2026