ऑपरेशन ‘भल छौ’ के तहत चौखुटिया पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों का हाल जाना

Share This

अल्मोड़ा। चौखुटिया क्षेत्र में पुलिस ने अकेले रहने वाले बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। शनिवार को चलाए गए अभियान के तहत पुलिस टीम घर-घर पहुंची और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। पुलिस ने बुजुर्गों को बीट अधिकारी और थाने के संपर्क नंबर उपलब्ध कराते हुए बताया कि किसी भी समस्या या आपात स्थिति में डायल 112 पर तुरंत सूचना दें। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं भी सुनी गईं और उन्हें सहायता का भरोसा दिलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, नए आपराधिक कानून और यातायात नियमों के बारे में भी जागरूक किया। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 और आपदा हेल्पलाइन 1070 की जानकारी दी गई। इसके अलावा किरायेदार और मजदूर रखने से पहले अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस की इस पहल पर स्थानीय बुजुर्गों ने संतोष जताते हुए सराहना की।