अल्मोड़ा। जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों, नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस द्वारा विभिन्न विषयों पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना धौलछीना पुलिस ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बाड़ेछीना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। थानाध्यक्ष सुनील सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, पोक्सो अधिनियम, नए आपराधिक कानूनों, महिला एवं बाल अपराध और यातायात नियमों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपदा हेल्पलाइन 1070 की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके। पुलिस टीम ने छात्राओं को जागरूक करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी।
