रुड़की(आरएनएस)। हाईवे पर एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके पर ही बस लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलौर कस्बे के मोहल्ला पीरगढ़ी निवासी फरमान (30 वर्ष) शनिवार देर रात रुड़की से अपना काम निपटाकर बाइक से वापस घर लौट रहा था। जैसे ही वह रिलायंस पेट्रोल पंप और राजकीय महाविद्यालय के बीच पहुंचा तो पीछे से आ रही एक रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। बस की टक्कर के बाद युवक काफी दूर तक घिसटता चला गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो बस चालक बस लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की पहचान कर सूचना परिजनों को दी। युवक की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। मामले में परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह मेहर ने बताया कि बस की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने की भी तैयारी की जा रही है।