हरिद्वार (आरएनएस)। श्यामपुर क्षेत्र के ग्राम लाहड़पुर में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए इसे हत्या करार दिया है। मृतक की पत्नी और नाबालिग बेटी ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया और उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की थी।

पुलिस के अनुसार, दो अप्रैल को पूजा नामक महिला ने सूचना दी थी कि उसके पति बबलू ने शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस को परिस्थितियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद गहन जांच शुरू की गई।

मामले में मृतक के भाई राजू द्वारा तहरीर देने और हत्या का आरोप लगाने के बाद जांच को आगे बढ़ाया गया। पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान मृतक के बेटे ने खुलासा किया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर हत्या की है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके अवैध संबंधों की जानकारी होने पर पति अक्सर शराब के नशे में मारपीट करता था। इससे परेशान होकर मां-बेटी ने हत्या की योजना बनाई। घटना के दिन उन्होंने मृतक को शराब में नींद की दवा मिलाकर पिला दी, फिर दुपट्टों से हाथ-पैर बांधकर तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।

वारदात को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को दूसरे कमरे में ले जाकर उसके मुंह में सल्फास का घोल डाल दिया गया और कमरे को बंद कर दिया गया। अगले दिन महिला ने पुलिस को आत्महत्या की झूठी सूचना दी, लेकिन जांच में सच्चाई सामने आ गई।

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बेटी को संरक्षण में लिया गया है। मौके से सल्फास का पैकेट, मोबाइल फोन, शराब का खाली पाउच, स्टील का गिलास, चार दुपट्टे और एक तकिया बरामद किया गया है। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।