नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

Share This

ऋषिकेश(आरएनएस)। चैत्र माह की नवरात्रि गुरुवार से शुरू हो गई है। नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की गई। देवी पूजा के लिए मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। जिससे बाजारों में भी रौनक छा गई। भक्तों ने माँ दुर्गा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और ज्ञान के लिए प्रार्थना की। मंदिरों में पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया। शारदीय नवरात्र में ऋषिनगरी देवी आराधना में लीन सी हो गयी है। देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और हर कोई अपने हिसाब से पूजा-अर्चना कर रहा है। मंदिरों में घंट-घड़ियाल की ध्वनि के बीच माता को प्रसन्न किया जा रहा है। घरों में स्थापित कलश के सामने लोग दीपक जलाकर देवी के सामने शीश झुका रहे है। कोई दुर्गा सप्तशती का पाठ कर रहा है तो कहीं दुर्गा चालीसा का पाठ हो रहा है। शहर के मुख्य चौक पर स्थित दुर्गा मंदिर,मुखर्जी चौक स्थित मंदिर,भद्रकाली मंदिर,आईडीपीएल स्थित दुर्गा मंदिर समेत तमाम मदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नवरात्रि के पहले दिन का उत्साह शहरभर में छाया हुआ है। ज्योतिष डा कैलाश घिल्डियाल के अनुसार पहले नवरात्र के दिन माता शैलपुत्री की पूजा अर्चना की गई। नवरात्र के पहले दिन माता की पूजा अर्चना और व्रत रखने से विशेष फल सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। नवरात्र के नौ दिनों में प्रत्येक दिन मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। प्रथम दिन मां शैलपुत्री की आराधना से भक्त अपने जीवन में स्थिरता और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।