अल्मोड़ा। विश्व महिला दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा की उपस्थिति में ‘जल महोत्सव’ के अंतर्गत प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद में जल महोत्सव का आयोजन 8 मार्च से 22 मार्च तक किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं को पेयजल की गुणवत्ता जांचने के लिए फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर महिलाओं को जल की गुणवत्ता के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें स्वयं जल परीक्षण करने के लिए सक्षम बनाना है। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जल जीवन का आधार है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह पेयजल के संरक्षण और उसके समुचित उपयोग के प्रति जागरूक रहे। उन्होंने महिलाओं से अपने-अपने गांवों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत सहित जल संस्थान, जल निगम और सिंचाई विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं।