अल्मोड़ा। अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड जल्द ही अपने ग्राहकों के लिए मोबाइल बैंकिंग सेवा शुरू करने जा रहा है। बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी. तिवारी ने बताया कि इस संबंध में सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और भारतीय रिजर्व बैंक से स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बैंक के ग्राहकों का आभार जताते हुए कहा कि उनके निरंतर विश्वास और सहयोग से ही बैंक नई सुविधाएं शुरू करने में सफल हो रहा है। बैंक अध्यक्ष महेश चन्द्र जोशी ने कहा कि बैंक अनुभवी नेतृत्व और प्रबंधन के निर्देशन में लगातार प्रगति कर रहा है और ग्राहक हितों के लिए प्रतिबद्ध है। उपाध्यक्षा डॉ. वसुधा पंत ने बताया कि वर्तमान में बैंक की 65 शाखाएं संचालित हैं और कुल कारोबार करीब 6000 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। बैंक का नेट एनपीए शून्य है और करीब 45 लाख खाताधारक इससे जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि बैंक उत्तराखंड के शीर्ष आयकरदाताओं में भी शामिल है। बैंक ने वर्ष 2028 तक 100 शाखाएं स्थापित करने, 8000 करोड़ रुपये का कारोबार हासिल करने और प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये सकल लाभ अर्जित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्तमान में बैंक करीब 850 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध करा रहा है, जिसे बढ़ाकर 1000 से अधिक करने की योजना है। बैंक प्रबंधन ने इसके सफल संचालन का श्रेय संचालक मंडल के सदस्यों सी.ए. दिनेश चन्द्र, सी.ए. गगनदीप सिंह सहदेव, डॉ. दीपक गौड़, सदी राम आर्या, चन्द्रशेखर काण्डपाल, हरीश चन्द्र पाठक, जीतेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र प्रसाद, सुजाता गुलाटी, गिरीश धवन, विनय टंडन और प्रकाश पांडे को दिया। साथ ही ग्राहकों से भविष्य में भी इसी तरह सहयोग और विश्वास बनाए रखने की अपील की गई।