अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने चौखुटिया और तड़ागताल क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान तड़ागताल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया गया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि तड़ागताल को झील के रूप में विकसित किए जाने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और पेयजल की समस्या के समाधान की दिशा में भी मदद मिलेगी। जिलाधिकारी ने इस सुझाव को महत्वपूर्ण बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। तड़ागताल क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क का स्थलीय निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आबादी के बीच स्थित बिजली के खंभों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग पर संबंधित विभाग को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्थानीय चाय स्टॉल पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को इन समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने माता अगनेरी देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक कार्य कराने को कहा। चौखुटिया में अगनेरी और बाखली खेल मैदान का निरीक्षण करते हुए उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत की और एक खेल मैदान को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने की संभावना जताई। उन्होंने कहा कि खेल और पर्यटन एक-दूसरे के पूरक हैं और इनके समन्वित विकास से युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सुनील कुमार, खंड विकास अधिकारी ममता कार्की, ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
डीएम अंशुल सिंह ने तड़ागताल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर दिया जोर
ByBinsar Times
Feb 13, 2026