पर्यटन में उत्तराखंड ने बनाया नया कीर्तिमान, 2025 में छह करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे

Share This

देहरादून (आरएनएस)। उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में किए गए प्रयासों का असर साफ दिखाई देने लगा है। वर्ष 2025 में प्रदेश में पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की संख्या ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। राज्य गठन के बाद पहली बार एक ही वर्ष में छह करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे हैं।

पर्यटन विभाग के अनुसार वर्ष 2025 में कुल छह करोड़ तीन लाख 21 हजार 194 पर्यटक और तीर्थयात्री प्रदेश आए। इनमें एक लाख 92 हजार 533 विदेशी सैलानी शामिल हैं। यह आंकड़ा अब तक का सर्वाधिक है। जनपदवार स्थिति पर नजर डालें तो हरिद्वार सबसे आगे रहा, जहां तीन करोड़ 42 लाख 49 हजार 380 पर्यटक और तीर्थयात्री पहुंचे। देहरादून में 67 लाख 35 हजार 71 और टिहरी जनपद में 53 लाख 29 हजार 759 सैलानियों का आगमन दर्ज किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा मिली है। पर्यटन विकास के लिए कई योजनाओं पर काम किया गया है और पर्यटन तथा तीर्थ स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इन्हीं प्रयासों के चलते राज्य में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

पूर्व वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2021 में करीब 20 लाख, 2022 में पांच करोड़ 39 लाख, 2023 में पांच करोड़ 96 लाख और वर्ष 2024 में पांच करोड़ 95 लाख से अधिक पर्यटक और तीर्थयात्री उत्तराखंड आए थे। वर्ष 2025 में इन सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ते हुए पर्यटन ने नया मुकाम हासिल किया है।