अल्मोड़ा। लोक प्रबंध विकास संस्था द्वारा ताकुला, हवालबाग और भैंसियाछाना विकासखंड के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 35 विद्यालयों के 318 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता कक्षा 4 से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच कनिष्ठ, मध्यम और वरिष्ठ तीन वर्गों में आयोजित की गई। कनिष्ठ वर्ग के लिए विषय मेरा घर परिवार, मध्यम वर्ग के लिए पहाड़ में बंजर पड़ती खेती—कारण और निवारण, तथा वरिष्ठ वर्ग के लिए पंचायत चुनाव और मेरे अनुभव निर्धारित किया गया था। संस्था के संचालक ईश्वर जोशी ने बताया कि यह प्रतियोगिता वर्ष 1996 से लगातार आयोजित की जा रही है। इसकी विशेषता यह है कि निबंध के विषय प्रतियोगिता स्थल पर ही घोषित किए जाते हैं, जिससे बच्चों की अभिव्यक्ति और मौलिकता की वास्तविक परख हो सके। प्रतियोगिता संयोजक अशोक भोज ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता आठ केंद्रों में एक साथ आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि विजयी प्रतिभागियों को जल्द ही आयोजित होने वाले एक समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में दिनेश नगरकोटी, महेश पंत, डूंगर सिंह, बालम सिंह, दीप्ति भोजक, चंपा मेहता, पूरन राम, राम सिंह, तारा राम, सलोनी भोज, राजेंद्र सिंह, लता रोतेला, हंसी पंत और रीता लोहनी का सहयोग उल्लेखनीय रहा।
