अल्मोड़ा। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के दुगौड़ा, बिष्ट कोटुली और गोंडली–चमना गांवों में आयोजित जन मिलन कार्यक्रमों के दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए संकल्पित है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सड़क, पेयजल, शिक्षा और कृषि सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। दुगौड़ा गांव में कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय मांगों को देखते हुए धुणी में टीन शेड निर्माण के लिए विधायक निधि से तीन लाख रुपये, सड़क निर्माण के लिए दो लाख रुपये, भंडार कक्ष के लिए एक लाख रुपये, सीसी रोड के लिए डेढ़ लाख रुपये तथा दुगौड़ा कोट स्थित हरज्यू मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए दो लाख रुपये स्वीकृत किए। बिष्ट कोटुली गांव में खेतों की सुरक्षा को लेकर उठाई गई महिलाओं की मांग पर तारबाड़ के लिए छह लाख रुपये स्वीकृत किए गए। इसके साथ ही प्राथमिक विद्यालय तक मार्ग निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपये की मंजूरी दी गई। मंत्री ने गांव की पेयजल और हैंडपंप से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों से तुरंत बात कर निस्तारण सुनिश्चित किया। गोंडली–चमना गांव में ग्रामीणों ने फसल सुरक्षा के लिए तारबाड़ की आवश्यकता बताई, जिस पर कैबिनेट मंत्री ने विधायक निधि से चार लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की। इसके अतिरिक्त गांव के विद्यालय तक पहुंच मार्ग निर्माण के लिए दो लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने आसपास के गांवों को जोड़ने वाले अठारह किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग की मरम्मत के लिए शासन स्तर पर वित्तीय स्वीकृति दिलाने का आश्वासन भी दिया।