अल्मोड़ा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से भारत की विदेश नीति को मजबूत आधार प्रदान किया।
जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने भारत की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व में देश ने अनेक चुनौतियों का सामना किया और विकास की नई दिशा प्राप्त की। गरीबी हटाओ अभियान के माध्यम से गरीबों के उत्थान का बड़ा प्रयास किया गया। बैंकों के राष्ट्रीयकरण से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी के सशक्त नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान को परास्त कर बांग्लादेश को एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने भारत की विदेश नीति को वैश्विक स्तर पर प्रभावी बनाया और देश को अंतरराष्ट्रीय समुदाय में एक मजबूत पहचान दिलाई।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, तारा चंद्र जोशी, प्रकाश चंद्र जोशी, आनंद बगड़वाल, राधा बिष्ट, गीता मेहरा, दीपा साह, हेम चंद्र तिवारी, अख्तर हुसैन, निजाम कुरैशी, मनोज वर्मा, नारायण दत्त पाण्डेय, पुरन रौतेला, अरविंद रौतेला, दीपेश काण्डपाल, बाला जी, पारस डसीला, सूरज कुमार, जगदीश तिवारी और शशांक बिष्ट सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
